Contact Us+91-9414062541
 

झुंझुनूं जिले के ब्रांड एंबेसडर बने नितिन

बिरला टेक्निकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (बीटीटीआई), आईटीआई पिलानी के छात्र नितिन पुत्र श्री सुबे सिंह का चयन झुंझुनूं जिले के ब्रांड एंबेसडर के रूप में होने पर संस्थान में हर्ष का माहौल है। संस्थान के आईटीआई प्राचार्य नरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल नितिन बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।

नितिन ने बीटीटीआई आईटीआई पिलानी से फिटर ट्रेड में सत्र 2022 से 2024 में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान वे अनुशासन, परिश्रम और तकनीकी दक्षता के लिए जाने जाते थे। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखा और निरंतर मेहनत करते हुए अपनी प्रतिभा के बल पर 2025 में भारतीय सेना में ट्रेड्समैन स्किल्ड फिटर के पद पर चयन प्राप्त किया। वर्तमान में वे भारतीय सेना में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

अब झुंझुनूं जिले के ब्रांड एंबेसडर के रूप में चयनित होकर नितिन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, तकनीकी कौशल और अथक परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी सफलता जिले के युवाओं को कौशल शिक्षा, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

आईटीआई प्राचार्य नरेंद्र शर्मा ने कहा कि नितिन की सफलता एक प्रेरणादायक सफलता गाथा है। एक साधारण परिवार से निकलकर तकनीकी शिक्षा के माध्यम से भारतीय सेना में स्थान बनाना और फिर जिले के ब्रांड एंबेसडर के रूप में चयनित होना उनकी मेहनत, लगन एवं बीटीटीआई पिलानी द्वारा प्रदान किए गए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नितिन की यह उपलब्धि संस्थान के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

बी.के. बिरला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक प्रो. बी.के. राउत ने नितिन को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वे भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से जिले, संस्थान एवं राष्ट्र का नाम रोशन करते रहेंगे।

बीटीटीआई पिलानी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है तथा संस्थान के विद्यार्थी विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। नितिन की यह उपलब्धि संस्थान के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है।
संस्थान के उपप्राचार्य विपिन कुमार,समूह अनुदेशक नमो विष्णु तिवारी, सुनील कुमार सैनी, अनुदेशक अजीत कुमार पाठक, महेश कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने नितिन के जिला झुंझुनूं का ब्रांड एंबेसडर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की।

 
 

Share this Post



 
 
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

 

 

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.