बिरला तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान (बीटीटीआई) के आईटीआई छात्रों एवं स्टाफ सदस्यों ने रविवार को फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिल रैली निकालकर आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से साइकिल चलाने से होने वाले लाभों जैसे स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा पेट्रोल-डीजल की बचत के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
साइकिल रैली को बीटीटीआई के प्राचार्य मनोज कुमार गौड़, आईटीआई इंचार्ज प्राचार्य नरेंद्र शर्मा एवं बी.के. बिरला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक प्रोफेसर बी.के. राउत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर निदेशक प्रोफेसर बी.के. राउत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। युवाओं को अपने दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
प्राचार्य मनोज कुमार गौड़ ने छात्रों से मोटरसाइकिल का कम से कम प्रयोग करने और साइकिल को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया।
वहीं आईटीआई इंचार्ज प्राचार्य नरेंद्र शर्मा ने सुबह-शाम नियमित रूप से साइकिल चलाने के शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला।
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


