कैंपस प्लेसमेंट में बीटीटीआई (आई टी आई) पिलानी का शानदार प्रदर्शन
बिरला टेक्निकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई) पिलानी के 103 विद्यार्थियों का चयन रोकी यूएनओ मिंडा, बावल (हरियाणा) कंपनी में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में 83 छात्र वर्तमान सत्र 2025-26 में अध्ययनरत हैं, जिन्हें जुलाई में होने वाली वार्षिक परीक्षा के बाद 1 अगस्त 2026 को कंपनी ज्वाइन करनी है, जबकि 20 पासआउट विद्यार्थियों को 25 मई 2026 से कंपनी में उपस्थित होना है।
रोकी यूएनओ मिंडा ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए विभिन्न प्रकार के पार्ट्स निर्माण करने वाली प्रतिष्ठित कंपनी है। कंपनी के एचआर दिनेश कुमार शर्मा एवं प्रोडक्शन मैनेजर विनोद कुमार ने संस्थान परिसर में आयोजित साक्षात्कार के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया। चयनित विद्यार्थियों को 2.4 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्रदान किया गया है।
कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि आईटीआई विद्यार्थी किसी भी कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया की रीढ़ होते हैं और उनके बिना प्रोडक्शन लक्ष्य प्राप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एक आईटीआई छात्र अपनी मेहनत, अनुशासन और कार्यकुशलता के बल पर कंपनी में उच्च पदों, जैसे प्रोडक्शन सुपरवाइजर और प्रोडक्शन मैनेजर तक पहुंच सकता है।
संस्थान के प्राचार्य नरेंद्र शर्मा ने बताया कि सत्र 2025-26 में अब तक संस्थान में 8 कंपनियों द्वारा कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें सभी योग्य विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इंडस्ट्री में आईटीआई पास विद्यार्थियों की मांग लगातार बढ़ रही है तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर बी. के. राउत ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के समय में वही व्यक्ति सफल होगा जिसके पास कौशल है। केवल डिग्री से नौकरी प्राप्त नहीं की जा सकती।
प्राचार्य नरेंद्र शर्मा ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार उन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर समूह अनुदेशक सुनील कुमार सैनी, अनुदेशक अरविंद कुमार सैनी, अजय कुमार एवं प्रमोद कुमार ने कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में सहयोग किया।


